दिल्ली विस चुनाव: जीतन राम मांझी भी कूदे, एक दर्जन से अधिक प्रत्याशी खड़ा करेंगे
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2020/01/JITANRAM.jpg)
पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तपिश बिहार में भी महसूस हो रही है। राजद-कांग्रेस जहां गठबंधन कर दिल्ली चुनाव में किस्मत आजमा रही है, वहीं अब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो जीतन राम मांझी भी किस्मत आजमाने के लिए दिल्ली चुनाव में कूद पड़े हैं। आपको बता दें कि मांझी को बिहार और इसके बाद झारखंड में बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा था। मांझी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ प्रत्याशी भी तय कर दिए हैं। हम ने दिल्ली में एक दर्जन से अधिक प्रत्याशी खड़े करने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि बिहार की राजनीति में जीतन राम मांझी की पहचान एक दलित चेहरे के रूप में होती है। बिहार में वे महागठबंधन के हिस्सा हैं, लेकिन दिल्ली में राजद-कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ रही है। बीते वर्ष लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने बिहार की तीन सीटों पर किस्मत आजमाई, पर नरेंद्र मोदी की लहर में मांझी के तीनों महारथी धराशायी हो गए। इसके बाद झारखंड विधानसभा चुनाव में मांझी के आठ प्रत्याशियों ने चुनाव तो लड़ा, लेकिन ज्यादातर उम्मीदवार एक फीसद वोट भी नहीं पा सके।
केजरीवाल-सिसोदिया के खिलाफ दिए उम्मीदवार
मांझी ने सबसे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री के खिलाफ अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार मांझी ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अदिति सिंह और मनीष सिसोदिया के खिलाफ पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से शत्रुघ्न उर्फ मुन्ना को अपना उम्मीदवार बनाया है। शेष उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही होगी।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)