February 7, 2025

देशव्यापी हड़ताल कल, सड़कों पर उतरेगें ऐक्टू से जुड़े नालंदा बिस्कुट, सुधा डेयरी व इमारते शरिया के कामगार

हड़ताल की सफलता के लिए सुधा डेयरी मजदूरों की हुई आमसभा

फुलवारी शरीफ। ऐक्टू से संबद्ध पटना जिला निजी वाहन चालक एवं कर्मचारी यूनियन से जुड़े सुधा डेयरी के मजदूरों की मंगलवार को डेयरी परिसर में आम सभा हुई। जिसमें मोदी सरकार की देश व मजदूर विरोधी विनाशकारी तथा विभाजनकरी नीतियों के खिलाफ कल होने वाले देशव्यापी आम हड़ताल में सड़कों पर उतर इन नीतियों का विरोध करने का निर्णय लिया। आमसभा को यूनियन अध्यक्ष व ऐक्टू राज्य सचिव रणविजय कुमार तथा खेग्रामस व माले नेता गुरुदेव दास, इंकलाबी नौजवान सभा, पटना जिलाध्यक्ष साधु शरण प्रसाद ने भी संबोधित किया।
इस बीच रणविजय ने बताया कि फुलवारी में हड़ताल को सफल बनाने की व्यापक तैयारी है। उन्होंने बताया कि कल नालंदा बिस्कुट कंपनी के सैकड़ों मजदूर फैक्ट्री में उत्पादन ठप कर सुबह 7 बजे से ही हड़ताल के समर्थन में फुलवारी बाजार में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन जुलूस इमारत शरिया तक जाएगा और पुन: वापस लौट कर थाना चौक पर आएगा, जहां आम सभा के पश्चात प्रदर्शन का कार्यक्रम संपन्न होगा। जिसमें ऐक्टू से जुड़े इमारत सरिया कामगार यूनियन के भी कर्मचारी शामिल होंगे।
इसी तरह से ऐक्टू से सम्बद्ध सुधा डेयरी के पटना जिला निजी वाहन चालक एवं कर्मचारी यूनियन से जुड़े सैकड़ों मजदूर कल सुबह 9 बजे के लगभग सुधा डेयरी मेन गेट से हड़ताल के समर्थन में प्रदर्शन निकालेंगे, जो ख्वाजा इमली तक जाएगा और पुन: लौट कर फुलवारीशरीफ प्रखंड कार्यालय तक आएगा, जहां आम सभा के बाद कार्यक्रम समाप्त किया जाएगा। ऐक्टू सचिव रणविजय कुमार ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सभी मजदूर अपने जेब पर ऐक्टू लिखा लाल रंग का बैच अथवा हड़ताल के संबंध में ऐक्टू द्वारा जारी पर्चा अपनी जेब पर एहतियातन चिपकाए रखेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन नेताओं के अलावा खेग्रामस व इंकलाबी नौजवान सभा के गुरुदेव दास व साधु शरण प्रसाद करेंगे।

You may have missed