राज्य में 25 के बाद चलेगी शीतलहर: प्रदेश में ठंड बढ़ी, पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे
पटना। जम्मू कश्मीर में पिछले एक हफ्ते से बर्फबारी हो रही है। वहां से आने वाली ठंडी पछुआ हवा के कारण राजधानी पटना समेत बिहार में कनकनी बढ़ गई है। सुबह-शाम और रात में कनकनी के साथ लोगों को ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। हालांकि कड़ाके की ठंड से अभी राहत है, क्योंकि अभी दिन में धूप खिल रही है। घने कोहरे का दौर शुरू नहीं हुआ है। 25 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान गया जिला सबसे ठंडा रहा जहां का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इस सीजन में पहली बार राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे चला गया। राजधानी का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में बर्फबारी होने और उससे होकर आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण कनकनी बढ़ी है। इस वजह से अगले चार पांच दिनों में तापमान में और गिरावट होगी, लेकिन दिन में धूप खिलेगी। इसलिए कड़ाके की ठंड से अभी राहत है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान दिल्ली से भी अधिक पटना की हवा प्रदूषित रही। कटिहार जिला वायु प्रदूषण के मामले में टॉप पर पहुंच गया है। कटिहार का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल सोमवार सुबह 399 मापा गया है। पिछले कई दिनों से टॉप पर रहने वाला बेगूसराय आज प्रदूषण के मामले में दूसरे स्थान पर है। बेगूसराय का एक्यूआई आज सुबह 382 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, पटना का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल आज 330 है। पटना में आज भी गांधी मैदान का इलाका सबसे ज्यादा प्रदूषित है। यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स लेवल 430 मापा गया है। वहीं दूसरे स्थान पर वेटरनरी कॉलेज का इलाका है। यहां 386 एक्यूआई दर्ज की गई है। इसके अलावा पटना सिटी में 280 एक्यूआई राजवंशी नगर में 322 एक्यूआई, दानापुर में 353 एक्यूआई और तारामंडल में 207 एक्यूआई आज सुबह तक रिकॉर्ड की गई है। हवा में धूल-कण की मात्रा में बढ़ोतरी होने से प्रदूषण का लेवल लगातार बढ़ते जा रहा है।