पाॅश मशीन से फैले जन आक्रोश को लेकर राजग का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से किया भेंट

फतुहा। जन वितरण प्रणाली दुकान पर लगे प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से फैले जन आक्रोश को लेकर राजग का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से भेंट की तथा इस मशीन को यथाशीघ्र हटाने की मांग की। यह शिष्टमंडल जदयू के जिला महासचिव फतुहावासी अभय सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से भेंट की। शिष्टमंडल के अनुसार बताया जाता है कि जन वितरण प्रणाली पर लगे पाॅश मशीन से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है। वरिष्ठ नागरिकों के अंगूठे का निशान यह मशीन स्वीकार नहीं कर रहा है। लिंक फेल होने पर भी राशन का उठाव नहीं हो पाता है। अधिकांश मशीनें खराब भी हो चुकी है। इस कारण प्रखंड के पीडीएस दुकानों से अधिकांश लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में काफी आक्रोश है। शिष्टमंडल के अनुसार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। शिष्टमंडल में जदयू के लाल बाबू पासवान, लोजपा के दलित सेना जिला अध्यक्ष दिलीप पासवान तथा भाजपा के कुंअर विजय पासवान शामिल थे।
