2 नवंबर को गांधी मैदान में विशाल रैली करेगी भाकपा: जुटेंगे इंडिया गठबंधन की दिग्गज, नीतीश भी करेंगे संबोधित
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/16-8.jpg)
पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार में बड़ी रैली करने जा रही है। यह रैली दो नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले यह भाकपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने कहा है कि 38 जिलों में हमारा संगठन मजबूत है। सभी जिलों से लोग बड़ी संख्या में पटना के गांधी मैदान में जुटेंगे। गांधी मैदान में लोगों के जुटने का सिलसिला 31अक्टूबर से ही शुरू हो जाएगा। रैली को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी संबोधित करेंगे। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद को भी आमंत्रित किया गया है। महागठबंधन के कई नेता भी मौजूद रहेंगे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की केन्द्रीय कमिटी के कई नेता बिहार आ रहे हैं। महासचिव डी राजा, सचिव अतुल कुमार अंजान, अमरजीत कौर, रामकृष्ण पांडा, नागेन्द्रनाथ ओझा, रमेन्द्र कुमार सहित राष्ट्रीय नेतृत्व के कई साथी इसमें शामिल होंगे। रैली का मुख्य उद्देश्य है बीजेपी हटाओ देश बचाओ और नया भारत बनाओ, लोकतंत्र की रक्षा करो मुख्य मुद्दा है। यह रैली 2024 के लोकसभा की तैयारी ही नहीं है बल्कि भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार की विदाई का समारोह है। भाकपा के मुताबिक इंडिया गठबंधन सभी चालीस सीटों पर एकजुट होकर चुनाव लडे़गा। बिहार में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह दो नवंबर की रैली में आपको दिख जाएगा।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)