September 8, 2024

मनेर के मुख्य पार्षद के आवास पर अपराधियों ने की अंधाधुंध गोलीबारी; इलाके में हड़कंप, कई खोखे बरामद

पटना। मनेर के मुख्य पार्षद विद्याधर बिनोद के आवास पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की है। नगर परिषद के मुख्य पार्षद के घर पर आधी रात को गोलीबारी की है। गोलीबारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं मुख्य पार्षद के परिजनों का कहना है कि हत्या के नियत से अपराधियों ने कई राउंड गोली चलाई है। घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखे भी बरामद किए हैं। मुख्य पार्षद विद्याधर बिनोद ने बताया कि शुक्रवार की देर रात करीब 1:15 बजे बाइक सवार अपराधियों ने गोली चलाई। जब उन्हें लगा कि कोई उनके घर के बाहर गोली चला रहा है तो वे देखने के लिए जैसे ही बाहर आने लगे तब एक के बाद एक कई गोलियां उनके घर पर दागी गई। उन्होंने कहा कि हत्या की नियत से की गई गोलीबारी में वे बाल बाल बच गए। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों का यह हाल है तो आम जनता की सुरक्षा को सहज से समझा जा सकता है। वहीं शनिवार को राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मुख्य पार्षद विद्याधर बिनोद के घर पर जाकर घटना की जानकरी ली। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर दो बाइक पर आए थे। उनकी संख्या चार थी। हाथों में राइफल और पिस्टल जैसे हथियार से लैस अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। यहां कई खोखे भी बरामद हुए हैं। विधायक ने कहा कि घटना को लेकर उन्होंने पटना एसएसपी से बात की है और हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी ने 24 घंटे में गिरफ्तारी करने का आश्वसन दिया है। गोलीबारी के बाद से मुख्य पार्षद विद्याधर बिनोद और उनके परिजन भयाक्रांत हैं। उन्हें अपनी जान का खतरा लग रहा है। आम लोगों का कहना है कि पुलिस का इक़बाल खत्म सा हो गया है। यही कारण है कि मुख्य पार्षद जैसे जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed