समस्तीपुर- बारात में जमकर की गई हर्ष फायरिंग में फोटोग्राफर को लगी गोली,मौके पर हुई मौत
समस्तीपुर।(संजय ज्योति)समस्तीपुर के रेलवे अधिकारी क्लब में गुरुवार की देर रात आयोजित एक शादी समारोह में गोलीबारी की गई। शादी के दौरान की गई इस हर्ष फायरिंग में एक गोली वहां मौजूद फोटोग्राफर विजय कुमार को लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बेगूसराय के बरौनी का रहने वाला विजय बारातियों की तरफ से फोटोग्राफी के लिए आया था।
बताया गया है कि शहर के आदर्शनगर से रेलवे के अधिकारी क्लब में बारात आई थी। मोरवा निवासी रेलकर्मी रामबाबू झा की बेटी की शादी थी जिसमें वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के लिए विजय को बुलाया था। बारात शहर के आदर्शनगर निवासी अशोक झा के घर से आयी थी। इसी शादी में घटना हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शादी में खुशी में फायरिंग करने वाले किस पक्ष के थे। लोगों के अनुसार बारात में शामिल कुछ युवक लगातार फायरिंग कर रहे थे। उसी क्रम में राइफल से निकली एक गोली फोटोग्राफर को लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इससे बारात में भगदड़ मच गई। बारात में शामिल कई लोग घटना के बाद शादीस्थल से निकल भागे। नगर थाना अध्यक्ष सीताराम प्रसाद ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर गयी है। मामले की जांच की जा रही है। देर रात तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा था।