आकांक्षा दुबे सुसाइड केस अभिनेत्री की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह पर दर्ज कराया FIR, लगाये कई गंभीर आरोप
वाराणसी। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में नया मोड़ आ गया है। मुंबई से बनारस पहुंची एक्ट्रेस की मां ने सारनाथ थाने में सिंगर समर सिंह, उनके भाई और दो अन्य सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। भोजपुरी सिंगर समर सिंह इसका दोषी है। उसने बेटी को रिलेशनशिप में धोखा दिया। उन्होंने कहा- समर बेटी को 3 साल से प्रताड़ित कर रहा था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। जब भी आकांक्षा काम के पैसे उससे मांगती थी, तो बेटी के साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर मारता-पीटता था। वहीं, आज शव का पोस्टमॉर्टम भी होगा। रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक तस्वीर और साफ हो जाएगी। दूसरी तरफ फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर सबूत को इकट्ठा किया। मामले में एडिशन सीपी संतोष सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का केस लग रहा है। क्योंकि दरवाजा अंदर से बंद था। उनकी मां की तहरीर पर सिंगर समर सिंह समेत 4 लोगों के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत FIR दर्ज की गई है। मां ने भी तहरीर में आत्महत्या की बात कही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। सारे साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।
बता दे की 27 साल की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में कमरा नंबर-105 में रविवार को मिला था। रविवार सुबह मेकअप मैन ने आकांक्षा दुबे को फोन किया। फोन न उठाने पर मेकअप मैन होटल पहुंचा। वहां आकांक्षा के कमरे का दरवाजा बंद था। होटल के कर्मियों ने मेकअप मैन को बताया कि आकांक्षा ने सुबह से नाश्ते के लिए ऑर्डर नहीं दिया है। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। मैनेजर ने पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, तो आकांक्षा का शव पंखे से लटका मिला।