February 4, 2025

समस्तीपुर में नशे में धुत दारोगा ने नाबालिग लड़की के साथ की छेड़खानी,आक्रोशित लोंगो ने किया थाने का घेराव

समस्तीपुर।(संजय ज्योति)समस्तीपुर  जिले के विद्यापति प्रखंड के  घटहो ओपी में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर  (एसआई) द्वारा थाना परिसर में नशे की हालत में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी करने की घटना ने एक बार फिर खाकी वर्दी को दागदार कर दिया है। आरोपी एसआई वेदानंद चौधरी को  गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना गुरुवार की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटहो ओपी में सिपाही और पुलिस पदाधिकारी के लिए खाना बनाने के लिए अपनी मां के साथ आई बच्ची के साथ दारोगा ने छेड़खानी की। पीडि़ता की मां ने न्याय की गुहार लगाते हुए थाने में आवेदन दिया। इसके आधार पर प्रथमिकी दर्ज कर आरोपित दारोगा की दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई। जिसमें चिकित्सक ने दारोगा के शराब पीने की पुष्टि की। इसके बाद आरोपित दारोगा को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

दलसिंहसराय के पुलिस उपाधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि आरोपी एसआई की चिकित्सा जांच भी कराई गई है, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि आरोपी एसआई वेदानंद चौधरी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

आक्रोशित  लोंगो ने थाने पर किया हंगामा : पुलिस थाने में पुलिस पदाधिकारी के इस नापाक हरकत की जानकारी मिलते ही पीड़िता के गांव के लोग आक्रोशित हो गये तथा शुक्रवार को घटहो थाने पहुंचकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देखकर विद्यापतिनगर व सरायरंजन थाने की पुलिस भी घटहो थाने पर पहुंच गई। इसके बाद पहले स्वराज पासवान समेत अन्य प्रतिनिधियों तथा बाद में पुलिस ने भीड़ को समझाने-बुझाने की कोशिश की। लेकिन इसका कोई खास असर होता नहीं देखकर अंतत: हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने भीड़ को थाने से दूर खदेड़ दिया।  इस दौरान तीन ग्रामीणों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।

चार अक्टूबर को ही थी  पदस्थापना : घटहो थाने में नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार एसआई वेदानंद चौधरी ने चार अक्टूबर को ही घटहो ओपी में ज्वाइन किया था। इससे पूर्व  वे टाउन थाना व पुलिस लाइन में लाइन बाबू के पद पर पदस्थापित रहे हैं। घटहो थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश आर्या की माने तो कार्य में रुचि नहीं लेने को लेकर उन्होंने एसडीपीओ से एसआई श्री चौधरी को थाने से हटा देने का गत दिनों अनुरोध भी किया था।

पुलिस की कार्यशैली पर उठा सवाल : बहरहाल  इस घटना  से खाकी दागदार हो गई है। समस्तीपुर की पुलिस पर अब सवाल उठने लगे हैं। लोगों की हिफाजत करने वाला ही जब कानून को धज्जियां उड़ाने लगे तो फिर इसकी रखवाली कौन करेगा? यह सवाल उठ खड़ा हुआ है। सबसे बड़ा सवाल तो शराबबंदी पर उठ रहा है। थाना में जब पुलिस पदाधिकारी ही शराब पीते हैं तो फिर वह दूसरे पर कैसे रोक लगा पाएंगे। हालांकि इस घटना के सामने आते ही  वरीय पुलिस पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पुलिस पदाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन, खाकी पर दाग लग ही गया।

You may have missed