बांग्लादेश ने भारत को 5 रनों से हराकर रचा इतिहास, बांग्लादेशी धरती पर लगातार दूसरी सीरीज हारी टीम इंडिया
- आखरी ओवर में चाहिए थे 20 रन, फीकी पड़ी रोहित की आतिशी पारी; कोहली समेत भारत के कई दिग्गज रहे फ्लॉप
नई दिल्ली। भारतीय टीम को दूसरे वनडे में बांग्लादेश ने 5 रन से हरा दिया। इसी के साथ बांग्लादेश ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेते हुए अपने नाम कर ली है। ये लगातार दूसरी बार है जब बांग्लादेश ने अपने घर में भारत को वनडे सीरीज में हराया हो। इससे पहले उसने 2015 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 2-1 से मात दी थी। मौजूदा सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच शनिवार को खेला जाएगा जिसमें टीम इंडिया अपनी साख बचाने की कोशिश करेगी। बता दे की बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 271 रन बनाए थे। बांग्लादेश के लिए मिराज ने नाबाद 100 रन बनाए। वही उन्होंने 83 गेंदों का सामना कर 8 चौके और 4 छक्के मारे। उनके अलावा महामुदुल्लाह ने 96 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली। भारत की तरफ से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने अर्धशतक जमाया। आखिरी ओवर में चोटिल रोहित शर्मा ने जुझारूपन दिखाया और अर्धशतक ठोका लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
कई दिग्गज हुए फेल
भारत के कप्तान रोहित शर्मा को इस मैच की शुरुआत में फील्डिंग के समय चोट लग गई थी। जिसका नुकसान मेहमान टीम को हुआ। उनकी जगह शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने आए विराट कोहली। कोहली दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड हो गए। वह सिर्फ 5 रन बना इबादत हुसैन का शिकार बने। शिखर धवन 8 रन ही बना सके। उन्हें मुस्ताफिजुर रहमान ने आउट किया। शाकिब अल हसन ने फिर शार्दुल ठाकुर को आउट किया। इसके बाद रोहित शर्मा बल्लेबाजी करने आए, लेकिन वह चोटिल थे और इसलिए आराम से बल्लेबाजी कर रहे थे। इस बीच दीपक चाहर 11 रन बनाकर आउट हो गए थे। रोहित को बल्लेबाजी करने में मुश्किल हो रही थी। लेकिन फिर भी उन्होंने टीम के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने 46वें ओवर में इबादत हुसैन पर दो छक्के लगाए। इसके बाद महामुदुल्लाह पर भी 49वें ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज बोल्ड हो गए थे। वही आखिरी ओवर में भारत को 20 रनों की जरूत थी। जो रोहित ने बना दिए। वही उन्होंने दूसरी गेंद पर चौका मारा। उन्होंने तीसरी गेंद पर भी चौका मारा। आखिरी 2 गेंदों पर भारत को 12 रनों की जरूरत थी। रोहित ने 5वीं गेंद पर छक्का मारा लेकिन वह आखिरी गेंद पर रहमान की यॉर्कर पर छक्का नहीं लगा सके। रोहित ने 28 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए।
मिराज और महामुदुल्लाह का कमाल
मिराज और महामुदुल्लाह ने इसके बाद 27 ओवर से अधिक समय तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा और इस दौरान विकेट के चारों तरफ शॉट लगाए।मिराज ने 38वें ओवर में उमरान की गेंद पर एक रन के साथ 55 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि महामुदुल्लाह ने सिराज की गेंद पर एक रन के साथ 41वें ओवर में 74 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। उमरान ने 47वें ओवर की पहली गेंद पर महामुदुल्लाह को विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।मिराज ने शार्दुल ठाकुर के पारी के अंतिम ओवर में दो छक्कों सहित 16 रन जोड़े और अंतिम गेंद पर एक रन के साथ शतक पूरा किया। वह आठवें नंबर या इससे निचले क्रम पर आकर वनडे मैच में शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं।