IPL 2022 के लिए आज होगा 2 नई टीमों का ऐलान, जानिए कौन-कौन से खरीदार रेस में शामिल
स्पोर्ट्स, IPL। IPL की दो नई टीमों का आज ऐलान होगा। इसके साथ ही 2022 के IPL में कुल 10 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलती हुई दिखाई देंगी। ऐसा पहली बार नहीं होगा जब IPL में 10 टीमें होंगी, इससे पहले 2011 में हुए IPL के तीसरे सीजन भी 10 टीमें थीं। उस वक्त कोच्ची टस्कर केरला और पुणे वॉरियर्स नाम की फ्रेंचाईजी IPL का हिस्सा बनी थीं। इस बार की नई टीमें किस शहर की होंगी और इनका मालिक कौन होगा, ये आज तय हो जाएगा। जानकारी के अनुसार, ये दो टीमें देश के किन्हीं दो शहरों के नाम पर होंगी। इसके लिए 6 शहर रेस में हैं। सबसे ज्यादा मजबूत दावेदार अहमदाबाद माना जा रहा हैं। इसकी एक बड़ी वजह इसी साल अहमदाबाद में बना दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भी है। जिसमें एक लाख से ज्यादा दर्शक बैठ सकते हैं। अहमदाबाद लंबे समय से नई टीम की दौड़ में है। 2010 में जब 10 टीमों का IPL हुआ था तब भी अहमदाबाद रेस में था। उसके लिए बोली भी लगाई गई थी, लेकिन बाजी पुणे और कोच्चि की फ्रेंजाइजी ने मारी थी।
दूसरे शहर के रूप में लखनऊ का नाम सबसे आगे है। कहा जा रहा है कि इसके जरिए BCCI सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य में IPL को ले जाना चाहता है। इन दो शहरों के अलावा कटक, गुवाहाटी, इंदौर और धर्मशाला शहरों के नाम भी चर्चा में हैं। कुछ रिपोर्ट्स में रांची शहर को भी दावेदार बताया जा रहा है। टीमों को खरीदने के लिए कुल 22 बिजनेस घरानों ने दिलचस्पी दिखाई है। इन सभी ने बोली के डॉक्यूमेंट खरीदे हैं। बोली लगाने वालों में अडाणी ग्रुप, इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैचेस्टर यूनाइटेड के मालिक ग्लेजर परिवार, टोरेंट फार्मा, ऑरोबिंदो फार्मा, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप, हिंदुस्तान टाइम्स मीडिया ग्रुप, पूर्व मंत्री नवीन जिंदल की जिंदल स्टील, रॉनी स्क्रूवाला और तीन प्राइवेट इक्विटी से जुड़े लोग शामिल हैं।