15 वर्ष पहले और आज के बिहार में बहुत फर्क : जदयू

पटना। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि आज बिहार एक नए रूप में खड़ा हो रहा है। 15 वर्ष पहले का बिहार और आज के बिहार में बहुत फर्क है। राजनीतिक पद्धति में विश्वास करनेवाले लोग इस अंतर को भली भांति समझते होंगे। बिहार में नीतीश कुमार ने जब से सत्ता संभाली है, यह स्पष्ट कर देने का काम किया है कि राजनीति की सीमा सिर्फ कुर्सी तक सीमित नहीं है। श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भारतीय राजनीति में एक मॉडल प्रस्तुत किया है। महिलाओं को सशक्त कर उन्हें चहारदीवारी के कैद से बाहर निकालकर इस लायक बनाया कि वे आज शासन-प्रशासन से लेकर पंचायती राजव्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए बिहार के विकास की गाथा लिख रही हैं। आज के दौर में महिलाएं समाज में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। इसीलिए नीतीश कुमार की स्वीकार्यता राष्ट्रीय स्तर पर विकास की राजनीति के लिए ही है।
