हाजीपुर: सिरफिरे पति ने खाना नहीं बनाने पर पत्नी की गोली मारकर की हत्या

हाजीपुर। बिहार के वैशाली में एक सिरफिरा पति ने अपनी पत्नी को एक मामूली सी बात पर गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वैशाली जिले के बिदुपुर थाने के पकौली गांव में शुक्रवार को पत्नी का खाना बनाने से इनकार करना पति को इतना नागवार गुजरा कि उसने पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों के वहां पहुंचने से पहले ही पत्नी का शव कार से लेकर आरोपित हाजीपुर की ओर निकल पड़ा। घटना की सूचना पर बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर पर कोई मौजूद नहीं था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिदुपुर थाने के पकौली निवासी सुजीत कुमार और उसकी पत्नी सुनीता देवी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीते गुरुवार को भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सुजीत ने पत्नी की पिटाई भी की थी। इससे नाराज सुनीता ने शुक्रवार को खाना बनाने से मना कर दिया। तब घर के सदस्यों ने इसकी जानकारी सुजीत को दी। इसके बाद सुजीत घर पहुंचा और गुस्से में पत्नी को निशाना बनाते हुए पिस्टल से गोली चला दी, जो पत्नी को जा लगी। गोली लगते ही पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गोली की आवाज पर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, इलाज के बहाने वह शव को लेकर कार से हाजीपुर की ओर भाग निकला। ग्रामीणों के अनुसार, हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग के रामदौली गांव के समीप सुजीत की नर्सिंग होम भी है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुजीत ने चार वर्ष पूर्व विद्यापति के मऊ की सुनीता से प्रेम विवाह किया था। उसे एक पुत्र और एक पुत्री भी है। घर के सदस्यों की वजह से दोनों पत्नी-पत्नी के अक्सर विवाद होता रहता था। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि वह छत से नीचे गिर गयी थी। नीचे गिरने के दौरान उसके सिर में लोहे की सरिया घुस गयी थी।
बिदुपुर के थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर पर कोई नहीं मिला। सुनीता के मायके वालों को सूचना दी गयी है। उसका किसी नर्सिंग होम में इलाज कराया जा रहा है या फिर मौत के बाद शव को ठिकाने लगा दिया गया है, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच कर और छापेमारी कर रही है।
