सुमो को नीतीश मंत्रिमंडल में जगह नहीं देना भाजपा के अगले रणनीति का हिस्सा : कांग्रेस
पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को नीतीश मंत्रिमंडल में जगह नहीं देने के लिए भाजपा के अगले रणनीति का एक हिस्सा बताया है। पूर्व विधायक व पार्टी प्रवक्ता डा. हरखु झा ने कहा है कि सुशील मोदी वर्ष 2005 से कुछ महीनों को छोड़कर 2020 तक बिहार सरकार में एक ही विभाग वित्त मंत्री का कार्य कर रहे थे। बीते वर्षों में सरकार में लगभग 31 वित्तीय घोटाला हुआ है, जिसकी जांच के लिए विपक्ष सदन के अंदर और बाहर लगातार मांग कर रहा था और आगे भी करेगा।
डॉ. झा ने कहा है कि सुशील मोदी पर वर्तमान विधानसभा का लगभग 25 सीटों को मुख्यमंत्री के साथ मिलकर हेराफेरी करने का आरोप भी विपक्ष ने लगाया है। मोदी का एकमात्र एजेंडा लालू परिवार पर भ्रष्टाचार का मनगढ़ंत अरोप लगाना मात्र रह गया था लेकिन अपने वर्षों के कार्यकाल में एक भी प्रमाण नहीं जुटा पाये। इन्हीं सब बातों को देखते हुए पार्टी ने इन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया है। डॉ. झा ने कहा कि नीतीश सरकार का कार्यकाल बहुत दिनों तक नहीं चल सकता है, क्योंकि नीतीश कुमार का कार्य करने का तरीका लोकतंत्र विरोधी अफसरशाही का प्रतीक है, जो आमजन एवं उनके सहयोगी को पसंद नहीं आएगा। डॉ. झा ने आगे कहा कि विपक्ष एकजुट है और आगे भी चुनाव में जो वादे किये गये थे उसके प्रति सदन और सदन के बाहर प्रतिबद्धता के साथ जनता के बुनियादी मुद्दों पर एकजूट रहेगा।