February 24, 2025

शिक्षक अरविंद तिवारी की जान बिहार सरकार के सिस्टम ने ली : बबलू प्रकाश

पटना। बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में हड़ताल पर चल रहे नियोजित शिक्षक अरविंद तिवारी की मौत ब्रेन हैमरेज होने के कारण हो गई है। मृतक अरविंद तिवारी फिलहाल लालगंज के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में हिन्दी विषय के शिक्षक के रूप में पदस्थापित थे। मौत के बाद शिक्षक के घर में कोहराम मच गया है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आपको बताते चले कि बिहार में पिछले 34 दिनों से पांच लाख नियोजित शिक्षक हड़ताल पर हैं। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने अब तक 70 हजार से ज्यादा हड़ताली शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।
आम आदमी पार्टी बिहार के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी बबलू कुमार प्रकाश ने मृतक अरविंद तिवारी की मौत पर कहा कि उनकी मौत स्वभाविक नहीं है बल्कि बिहार सरकार के सिस्टम ने उनकी हत्या की है। मृतक अरविंद तिवारी बिहार में चल रहे शिक्षक आंदोलन में शामिल थे। मूल्यांकन कार्य का विरोध करने के कारण उनको सस्पेंड कर दिया गया था। वैशाली की डीएम उदिता सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निलंबन के बाद थाने में एफआईआर होने के कारण मृतक तिवारी बहुत ज्यादा टेंशन में आ गए होंगे। जिस कारण उनका ब्रेन हैमरेज हो गया, जिससे उनकी मौत हो गई है। बबलू ने कहा कि नियोजित शिक्षकों के साथ बिहार सरकार जो दुर्व्यवहार कर रही है, उसका खामियाजा आने वाले वक्त में सरकार को दिख जाएगा।

You may have missed