February 7, 2025

शरद यादव ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- संकट काल में क्यों विफल रहती है मोदी सरकार

नई दिल्ली/पटना। पूर्व सासंद शरद यादव ने लद्दाख के गलवान घाटी में चीन और भारत के बीच हिंसक झड़प को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए देश के शहीद सैनिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कल देर रात आई खबर के अनुसार चीन और भारत के बीच हिंसक झड़प में भारत के कमांडिंग आॅफिसर और जेसीओ समेत 20 सैनिक शहीद हो गए हैं। बहुत ही अफसोसजनक और दुखद खबर है। चीन के लगभग 43 सैनिक हताहत होने का अनुमान है। इसमें कुछ मारे गए हैं, जबकि कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अभी इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भारत-चीन सीमा पर ऐसा 45 वर्ष के बाद हुआ, इसके कारण जानने की आवश्यकता है।
शरद यादव ने कहा कि भारत और चीन के बीच पिछले महीने की शुरूआत से ही लद्दाख बॉर्डर के पास माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ था। भारत के प्रधानमंत्री स्तर पर ही चीन के प्रेसिडेंट से बातचीत करके इसको सुलझा लेना चाहिए था। आज ऐसा मौका नहीं है कि सरकार की खामियां बताई जाए, मगर समझ में नहीं आ रहा है कि यह सरकार हर मोर्चे पर चाहे वह कोरोना संकट हो या इनका कोई और निर्णय हो विफल क्यों हो रही है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि आज देश में सभी दलों को इकठ्ठा होकर समस्याओं को सुलझाने का काम करना चाहिए, क्योंकि समस्याएं बढ़ती चली जा रही है। प्रधानमंत्री को देश को संबोधित करना चाहिए और ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई देश के सामने सच्चाई रखनी चाहिए।

You may have missed