राष्ट्र निर्माण के अभियान में जुटी ‘आप’, 89,212 लोग बिहार के जुड़े

अभियान से जुड़ने के लिए 9871010101 नंबर पर दें मिस्ड कॉल

पटना (अमृतवर्षा डेस्क)। आम आदमी पार्टी बिहार के प्रदेश अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्र निर्माण कंैपेन के तहत काम की राजनीति को देश के हर घर तक लेकर जाएगी। बिहार में इस अभियान की शुरूआत रविवार से शुरू हो गई है और यह अभियान आगामी 23 मार्च तक चलेगा। इसके तहत पार्टी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल को बिहार के घर-घर पहुंचाएगी, साथ ही लोगों से काम की राजनीति से जुड़ने का आह्वान होगा। जिससे दिल्ली की तरह पूरे बिहार में आम जनता के सरोकार से जुड़े मसलों पर राजनीति हो सके। इस अभियान के तहत लोगों के सामने दिल्ली और बिहार के विकास मॉडल की तुलना को रखा जाएगा। जिससे उन्हें पता चल सकेगा कि दिल्ली में काम की राजनीति ने जनता के जीवन में किस तरह का बदलाव किया है।
आप ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार की जबर्दस्त वापसी के बाद राष्ट्र निर्माण अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर लांच किया था। जिसके तहत मोबाइल नंबर 9871010101 जारी किया गया। पार्टी की ओर से दिल्ली में किए गए काम की राजनीति को लोगों ने हाथों-हाथ लिया। आलम यह रहा कि 24 घंटे में ही इस नंबर पर 11 लाख लोग मिस्ड कॉल कर राष्ट्र निर्माण अभियान से जुड़ गए। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली चुनाव परिणाम आने के साथ प्रारंभ हुए उक्त अभियान से अब तक 16 लाख लोग मिस्ड कॉल कर पार्टी से जुड़ चुके हैं। जिसमें 89,212 लोग बिहार से हैं। इसके पीछे दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से स्कूल, अस्पताल, पानी, बिजली, महिला सुरक्षा व जन सरोकार से जुड़े मसलों समेत सभी क्षेत्रों में किया गया बदलाव बड़ी वजह रही। आज देश के कई राज्यों में दिल्ली सरकार के विकास मॉडल को अपनाया जा रहा है। कई राज्यों में दिल्ली की शिक्षा मॉडल और मोहल्ला क्लिनिक अपनाया जा रहा है। कुछ राज्य दिल्ली की तरह मुफ्त बिजली देने लगे हैं। इसका असर देश भर की जनता पर भी पड़ा है। वह भी अब जाति-धर्म की राजनीति से परेशान हो गई है। वह भी अब काम की राजनीति चाहती है। इसी का नतीजा है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्र निर्माण अभियान से लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। दिल्ली के अंदर जो आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीता है और जो अरविंद केजरीवाल जी की सरकार बनी है, इसका संदेश पूरे देश के अंदर है। इस समय काम की राजनीति को लेकर लोगों में उत्साह है। इसी के तहत आम आदमी पार्टी की बिहार इकाई आज से घर-घर जाएगी। लोगों को केजरीवाल के विकास मॉडल को बताएगी। साथ ही काम की राजनीति से जुड़ने के लिए मिस्ड कॉल करने की गुजारिश करेगी। साहू ने बताया कि आज से आम आदमी पार्टी बिहार के इन 38 जिलो में पंचायत स्तर तक राष्ट्र निर्माण अभियान की शुरूआत करने जा रही है।
साथ ही एक पोस्टर जारी किया गया है जिसपर 9871010101 मोबाइल नंबर है। हर विधानसभा में हजारों ऐसे पोस्टर लगेंगे, ताकि यह मोबाइल नम्बर नीचे के स्तर के लोगों को मिल सके। इसके अलावा आम आदमी पार्टी की बिहार यूनिट सूबे के अधिकांश शहरों में राष्ट्र निर्माण कैंपेन के संबंध में प्रेस वार्ता के माध्यम से लोगों को बताएगी। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान होगा।
मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव वत्स पुरुसोत्तम, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, जोनल अध्यक्ष राहुल कुमार सिंह, पटना जिला अध्यक्ष चौधरी ब्रम्ह प्रकाश,अरविन्द कु पंकज, सोनू राज, लवकुश, कार्यालय प्रभारी कृष्ण मुरारी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी मृणाल कु राज सहित पार्टी के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।