राज्य के 12 लाख मछुआरों का बीमा करेगी राज्य सरकार: डॉ. प्रेम

पटना। राजधानी के होटल मौर्या में फिश्कोफेड के निदेशक बोर्ड की बैठक का उद्घाटन कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने किया। उदघाटन भाषण में उन्होंने कहा कि राज्य के 12 लाख मछुआरों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अन्तर्गत आच्छादित किया जाएगा। आधी प्रीमियम की राशि केन्द्र सरकार के तर्ज पर राज्य सरकार वहन करेगी। राज्य सरकार द्वारा अभियान चलाकर सभी मछुआरों को मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। जलकरों की बंदोबस्ती एक रुपये टोकन राशि पर करने की व्यवस्था की जाएगी। तालाबों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मत्स्यजीवी सहकारी समितियों को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के द्वारा सस्तें दरों पर ऋण उपलब्ध कराने हेतु राज्य सरकार गारंटी लेगी। समितियों में हो रहे विवाद को समाप्त किया जाएगा। सभी प्रखंडो में मत्स्यजीवी समिति का गठन कराया जाएगा। साथ ही सहकारी समिति एवं संघ को मत्स्य विपणन हेतु सुदृढ़ किया जाएगा। मंत्री ने बैठक में आए सभी लोगों को शॉल, चादर एवं मोमेटों देकर सम्मानित किया। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष टी. प्रसाद राव डोरा ने किया। बैठक में देश के कोने-कोने से आए फिश्कोफेड के निदेशक बोर्ड के सदस्यों ने भाग लिया। सदस्यों में डॉ. सी. सुबर्ना, फिशरी कमीश्नर-सह-अध्यक्ष, तेलंगाना राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ लि., एस. मडेगौड़ा, अध्यक्ष, कर्नाटक मत्स्यजीवी सहकारी संघ लि., चाननजी वेंकेटेसन, आंध्रप्रदेश, हुकुम सिंह भाटिया, हरियाणा, कोनजेनहम नवचन्द्र सिंह, मणिपुर, श्री मुकेश, निदेशक, मत्स्य विभाग, भारत सरकार, सुरेन्द्र सहगल, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम लि., बीके मिश्रा, प्रबंध निदेशक फिश्कोफेड के अलावे धनीराम रायकवर, मघ्यप्रदेश, जयंती पुरूषोतम केवट, गुजरात, एसएस माहौर, उप निदेशक एवं पीके चौधरी, सहायक निदेशकए फिश्कोफेड उपस्थित थे।
