महात्मा गांधी के प्रपौत्र ने कहा: कांग्रेसजन अपने आप में सुधार लाकर ही वर्तमान चुनौतियों का कर सकते हैं मुकाबला

पटना। महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने गुरूवार की शाम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में कांग्रेसजनों की एक गोष्ठी में कहा कि कांग्रेस की ताकत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा से आती थी, जिसका आज अभाव हो गया है तथा कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गयी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को कांग्रेस कार्यकर्ता भी हराते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपनी पुरानी गौरव प्राप्त करने के लिये इसे कार्यकर्ताओं की पार्टी का रूप देना होगा तथा सारे महत्वपूर्ण निर्णय कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करके ही लेने होंगे। श्री गांधी ने कहा कि नई पीढ़ी कांग्रेस से नहीं जुड़ रही है। कांग्रेस पार्टी को अपनी पुरानी गौरव प्राप्त करने की शुरूआत बिहार से ही होनी चाहिये क्योंकि बिहार की धरती क्रांति की धरती है तथा महात्मा गांधी ने चंपारण से ही किसान आंदोलन चलाया और बिहार उनका कार्यक्षेत्र बना।
उन्होंने कहा कि आज देश में गोडसे को देश भक्त मानने वाले जोर से बोल रहे हैं, लेकिन महात्मा गांधी के सत्य की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश में विभाजनकारी शक्तियां लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है और देश में सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सद्भाव में कमी आ गयी है, सत्तारूढ़ दल में सहिष्णुता कम हो गयी है तथा देश की जनता की आवाज आज अनसूनी हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक सद्भाव एवं घृणा के वातावरण को हटाने में कांग्रेस ही मुख्य भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजनों को अपने आप में सुधार लाकर ही हम वर्तमान चुनौतियों का मुकाबला कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जिस धरती पर आये थे, वहां आने का मुझे सौभाग्य मिला।
वहीं पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने तुषार गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि आज महात्मा गांधी की विरासत एवं उनके आदर्शों को बचाने की जिम्मेवारी कांग्रेससजनों को उठानी होगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने कांग्रेस कमिटी की ओर से शाल एवं अंगवस्त्र देकर तुषार गांधी का स्वागत किया। डॉ. अशोक गगन ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की ओर से तुषार गांधी को पुष्पगुच्छ पाग एवं मधुबनी पेंटिंग से बनी शाल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक अफाक आलम, मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचकेवर्मा, वरिष्ठ नेता सुबोध कुमार, प्रवक्ता राजेश राठौड़, अनिता यादव, आनंद माधव, पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह, राज कुमार राजन, राजेश कुमार सिन्हा, दौलत इमाम, मंजीत आनन्द साहू, जया मिश्र, रीता सिंह, अनोखा देवी, सुधा मिश्रा, धनंजय शर्मा, सुनील कुमार सिंह, असफर अहमद, ब्रज किशोर सिंह कुशवाहा, रवि गोल्डेन, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, मृणाल अनामेय उपस्थित थे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के रिसर्च विभाग के अध्यक्ष आनंद माधव ने मंच का संचालन किया तथा सुबोध कुमार, जया मिश्रा ने पुष्प्ां गुच्छ देकर तुषार गांधी का स्वागत किया।

You may have missed