February 6, 2025

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान के निधन पर सीएम नीतीश दुखी, लालू ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि-फोटो किया टैग

पटना। कैंसर बिमारी से जूझ रहे बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता इरफान खान का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही सामने आयी, सिने जगत से लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारा में भी शोक व्याप्त हो गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। वहीं जदयू, राजद, भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के नेताओं ने दुख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि प्रख्यात फिल्म अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं दुख है। उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इरफान खान एक उत्कृष्ट एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे। भारतीय फिल्म जगत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार ने सम्मानित किया था। अपने अभिनय से वे फिल्म प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। मुख्यमंत्री ने इरफान खान की आत्मा की चिरशांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

उधर, रांची के रिम्स में भर्ती राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट में कहा है कि भारतीय सिनेमा के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। इरफान उनके पटना आवास पर फोन करके आया था। लालू ने लिखा है कि इरफान एक बहुआयामी इंसान, एक महान इंसान थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी सच्ची संवेदना है। इतना ही नहीं, लालू ने अपने ट्वीट में इरफान के साथ लिये गये फोटो को भी टैग किया है।

You may have missed