बिहार में मिले 2 कोराना पॉजिटिव, संख्या बढ़कर हुई 9, कोलकाता से लौटे 600 मजदूर

पटना। 21 दिन के लॉकडाउन के तीसरे दिन राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में इसका असर देखा जा रहा है। कुछ लोग सुबह सब्जी और दूध जैसे जरूरी सामान खरीदने घर से निकले और जल्द ही लौट गए। कोरोना का सबसे ज्यादा असर मजदूर वर्ग पर पड़ा है। हजारों की तादाद में ये मजदूर देश के दूसरे हिस्सों से बिहार में अपने गांव लौट रहे हैं। इस दौरान नवादा में पुलिस ने प्रवासी मजदूरों के बड़े समूह को पकड़ा। 5 ट्रक में सवार होकर करीब 600 मजदूर कोलकाता से अपने गृह जिला छपरा लौट रहे थे। ये मजदूर कोलकाता के एक मिल में काम करते थे। लॉकडाउन के चलते मिल बंद हो गई थी। पुलिस ने पांचों ट्रक को जब्त कर लिया है और मजदूरों को स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल ले गई है। उधर, राज्य में दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक सिवान का रहने वाला है, जो हाल ही में दुबई से लौटा था। दूसरा नालंदा का है वह भी विदेश से आया था। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है।
बता दें शुक्रवार को सीवान जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव केस मिला। मरीज नौतन थाना क्षेत्र के अंगौता गांव का रहने वाला है। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से पुरे गांव में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस ने पूरे गांव को आइसोलेट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच हर घर को सैनिटाइज किया है।
