बिहार के सियासत में दही-चूड़ा भोज के बहाने होगी एकजुटता का प्रदर्शन, चिराग का ट्वीट

पटना। मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज को लेकर हर साल की तरह इस बार भी बिहार में सियासी हलचल बढ़ने वाली है। हालांकि, इस साल जहां जदयू और कांग्रेस की ओर से दही-चूड़ा भोज की तैयारी चल रही है, वहीं बीजेपी और राजद की ओर से दही-चूड़ा भोज का आयोजन नहीं किया जा रहा है। जबकि लोजपा ने दही-चूड़ा भोज को रद्द कर दिया है।
जदयू दही-चूड़ा भोज का राजद को भेजेगा निमंत्रण
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने दही-चूड़ा भोज के लिए खुला आमंत्रण दिया है। जदयू के भोज में एनडीए सहित अन्य दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं दही-चूड़ा भोज के बहाने एनडीए अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश करेगा। इस साल जदयू के भोज को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा, लोजपा और राजद की ओर से चूड़ा-दही भोज का आयोजन नहीं किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जदयू राजद को दही-चूड़ा भोज के लिए निमंत्रण भेजेगा।
लोजपा ने किया दही-चूड़ा भोज को रद्द

लोक जनशक्ति पार्टी हर वर्ष दही चूड़ा का आयोजन करती आई है लेकिन पिछले वर्ष आदरणीय स्वर्गीय रामचंद्र चाचा जी के दुखद निधन के कारण इस वर्ष दही चूड़ा का आयोजन नहीं किया जा रहा है।
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) January 12, 2020
लोजपा नेता चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा है कि ‘लोक जनशक्ति पार्टी हर वर्ष दही-चूड़ा का आयोजन करती आयी है, लेकिन पिछले वर्ष आदरणीय स्वर्गीय रामचंद्र चाचा जी के दुखद निधन के कारण इस वर्ष दही-चूड़ा का आयोजन नहीं किया जा रहा है।’
जेल में ही लालू की मनेगी मकर संक्रांति
आरजेडी प्रमुख लालू यादव इस साल भी रांची के रिम्स में ही मकर संक्रांति मनायेंगे। हालांकि, किडनी, ब्लड शूगर और रक्तचाप से जूझ रहे लालू यादव की सेहत को देखते हुए ही सीमित मात्रा में चिकित्सक उन्हें दही-चूड़ा उपलब्ध करायेंगे। मालूम हो कि लालू की सेहत के मद्देनजर चिकित्सकों ने खान-पान पर पाबंदियां लगा रखी हैं।
राजद नहीं करेगा दही-चूड़ा भोज का आयोजन
बता दें राबड़ी आवास पर लालू यादव की गैर-हाजिरी में दही-चूड़ा के भोज का आयोजन नहीं किया जा रहा है। मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा के भोज के बहाने सियासी गलियारे में एकता का संदेश देनेवाले लालू यादव के नहीं रहने के कारण आवास पर सन्नाटा ही पसरा रहेगा।