LIVE UPDATE : बिहार का बागडोर नीतीश के हाथों में, 7वीं बार ली सीएम पद की शपथ, तारकिशोर और रेणु बनेंगे डिप्टी सीएम
पटना। 17वीं बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत लाकर एक बार फिर राज्य की बागडोर संभालने को तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रिकार्ड तोड़ते हुए 7वीं बार सीएम पद की शपथ ली। सोमवार को राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार के साथ 4 बार के विधायक व भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए तारकिशोर प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली, वे डिप्टी सीएम पद के भी दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं भाजपा की उपनेता व डिप्टी सीएम की एक और दावेदार रेणु देवी को भी शपथ दिलाई गई। इस तरह नीतीश कैबिनेट में इस बार दो डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर अटकलें जोरों पर है। अगर बिहार में दो डिप्टी सीएम बनाए जाते हैं तो यह भी बिहार के लिए रिकार्ड होगा। हालांकि पोर्टफोलियो भले नहीं बंटा, लेकिन नीतीश कुमार के बगल की दो कुर्सियों पर तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के बैठने से ये स्पष्ट हो गया है कि तमाम विरोधों के बावजूद ये दोनों उप-मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
सुशील मोदी दिखे अलग-थलग
नीतीश के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पटना पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। डिप्टी सीएम की राह से दूर हुए सुशील कुमार मोदी अलग-थलग दिखे। राज्यपाल भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। शाह और नड्डा पहली पंक्ति में बैठे, पर इस कतार में पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का नाम नहीं था।
स्पीकर भाजपा का होगा
इस बार स्पीकर का पद जदयू के हाथ से निकलकर भाजपा के पाले में चला गया है। सोमवार दोपहर तक आरा से विधायक व पूर्व डिप्टी स्पीकर रह चुके अमरेंद्र प्रताप सिंह और पटना साहिब से विधायक नंदकिशोर यादव के नाम की चर्चा जोरों पर थी। अब नंदकिशोर का नाम आगे चल रहा है। अमरेंद्र को मंत्री बनाया जा रहा है। वहीं नंदकिशोर यादव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पिछली बार स्पीकर रहे विजय कुमार चौधरी को भी मंत्री बनाया जा रहा है।
इन्होंने ली शपथ
तारकिशोर (64 वर्ष): 4 बार कटिहार से विधायक और सुशील मोदी के करीबी।
रेणु देवी (60 वर्ष): बेतिया से विधायक। अति पिछड़ा वर्ग से आती हैं। पिछली नीतीश सरकार में भी मंत्री थी।
विजय चौधरी (63 वर्ष): पिछले विधानसभा में स्पीकर थे। नीतीश के करीबी हैं। इस बार सरायरंजन से जीते हैं। यहां से 6 बार से विधायक हैं।
विजेंद्र यादव (74 वर्ष): सुपौल से 1990 से लगातार विधायक हैं। पिछली सरकार में ऊर्जा मंत्री थे।
अशोक चौधरी (53): सकरा से विधायक बने। कम समय में नीतीश के करीबी नेताओं में माने जाने लगे हैं।
मेवालाल चौधरी (67): तारापुर से विधायक हैं। दूसरी बार विधायक बने हैं और राजनीति में आने से पहले राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे।