पटना में कन्हैया की महारैली कल, देश के कई नामचीन हस्तियां होंगे शामिल

पटना। एनपीआर, एनआरसी, सीएए विरोधी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार को राजधानी पटना के गांधी मैदान में ‘संविधान बचाओ-नागरिकता बचाओ’ महारैली आयोजित होने जा रही है। मोर्चा की ओर से निवेदिता झा और चंद्रकांता ने बुधवार को बताया कि बिहार में पहली बार एनपीआर, एनआरसी व सीएए के खिलाफ होने वाली महारैली में देश के कई नामचीन सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता, फिल्म कलाकार, संस्कृतिकर्मी एवं बुद्धिजीवी एक मंच से अपने विचार रखेंगे। एनडीए को छोड़ कर राजद, कांग्रेस, रालोसपा, भाकपा, माकपा, भाकपा माले और हम को भी महारैली में आने का आमंत्रण दिया गया है। महारैली में शामिल होने के लिए प्रदेश के दूर-दराज के लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मोर्चा के अनुसार महारैली को संबोधित करने वालों में कश्मीर के मुद्दे पर भाकपा नेता कन्हैया कुमार, जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष, आइएएस की सेवा छोड़ने वाले कन्नन गोपीनाथन, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर व स्वाति बिधान बरुआ, कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान, सदफ जाफर, अलका लांबा, गुजरात के दलित नेता व विधायक जिग्नेश मेवाणी, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सलमान इम्तियाज प्रमुख हैं। इनके अलावा हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमूला की मां राधिका वेमूला व नजीब की मां फातिमा नफीस भी मंच पर होंगी। इसके अलावा इप्टा, प्रेरणा, हिरावल और पटना विश्वविद्यालय के छात्रों की भागीदारी रहेगी।
