February 23, 2025

नंद किशोर का महागठबंधन पर आरोप, महागठबंधन में सजी है टिकट बेचने की दुकान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार का दौर जारी जारी है। सोमवार को भाजपा नेता व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने महागठबंधन पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में विपक्ष किस तरह की राजनीति कर रहा है, अब लोग देख रहे हैं। पैसे के लिए अपने ही दल के कार्यकर्ता की हत्या करवाई जा रही है। आरोप लगाया कि महागठबंधन में टिकट बेचने का बाजार भी सज गया है।
जारी बयान में मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि झूठ और मौकापरस्ती की सियासत लंबे समय तक नहीं चल सकती। विपक्षी दलों ने अब तक जनता के सामने सिर्फ झूठ ही परोसा है। कृषि सुधार कानून और सीएए जैसे जनहित और राष्ट्रहित में बने कानूनों के खिलाफ जनता को गुमराह करने की कोशिश की। बिहार की एनडीए सरकार का लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ जनता की सेवा करना है। लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन है।
मंत्री ने आगे कहा कि एनडीए सरकार की नीति साफ नीयत नेक है। विपक्षी दल के एक वरिष्ठ नेता को पहले अपमानित किया गया। जब उन्होंने पार्टी छोड़ दी, तो उन्हें मनाने का स्वांग रचा गया और जब उनकी मृत्यु हो गई तो उसी व्यक्ति को पार्टी में शामिल किया जा रहा, जिसका विरोध करते हुए उन्होंने दल छोड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल का नैतिक पतन हो चुका है।

You may have missed