चुनाव को रहें तैयार, लोगों को बताएं 15 वर्षों की उपलब्धियां: सीएम नीतीश
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है। जहां एक ओर भाजपा नेता व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वर्चुअल रैली कर लोगों से सीधे जुड़े, वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू नेताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा है। लोगों को मुखर होकर बताने को कहा है कि बिहार पहले कहां था और अब कहां पहुंच गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जिले में स्थित जदयू के बूथ सचिव, अध्यक्ष, राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों व 10-10 सक्रिय कार्यकर्ताओं से बात की। कोरोना काल में सरकार द्वारा किए गए काम और अभियान को विस्तार से बताया।
मुख्यमंत्री ने जदयू के संगठन से जुड़ी सबसे नीचे की इकाई के लोगों को कहा कि इस साल अंत तक बिहार विधानसभा चुनाव होंगे इसलिए इन बातों को समझिए। किस परिस्थिति में हमलोगों ने काम संभाला था, यह सभी जानते हैं। आज बिहार में हुए बदलाव को देखा जा सकता है। सीएम नीतीश ने कहा कि सभी वर्ग के लोगों के लिए उनकी सरकार ने काम किया है। पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित और महिला सशक्तीकरण के लिए विगत 15 वर्षों में काफी काम हुए हैैं। इसके परिणाम भी दिखते हैैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को कहा कि हमें नकारात्मक बातें नहीं करनी हैं। लोगों से मुखर होकर सरकार द्वारा विगत 15 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों की चर्चा करें। लोगों को इस बात का पूरा एहसास भी है कि काम हुआ है। बस सजग और सतर्क रहने की जरूरत है।