इस महीने दुरुस्त हो जाएगी बख्तियारपुर-मोकामा रोड : नंद किशोर
पटना। बख्तियारपुर-मोकामा रोड को इस माह के अंत तक आवागमन के लिए दुरुस्त कर लिया जाएगा। हालांकि इसका अंतिम निर्माण अगले साल जून तक पूरा हो पाएगा। यह जानकारी पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने दी। उन्होंने बताया कि तीन दिनों के भीतर पथ के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। बता दें बख्तियारपुर-मोकामा रोड एनएच-31 की हालत काफी जर्जर है। उक्त मार्ग पर आए दिन कोई न कोई वाहन दुर्घटना के शिकार होते रहे हैं। पिछले दिनों राजद नेत्री मधु सिंह ने उक्त एनएच पर धान रोपनी पर सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था। जिसके बाद मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह ने बाढ़ प्रवास के दौरान कहा था कि शीघ्र ही एनएच-31 को दुरूस्त किया जाएगा।
मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि बख्तियारपुर-मोकामा के रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पथ निर्माण विभाग को दी है। इसके लिए 31.5 करोड़ रुपए की राशि भी उपलब्ध करायी गयी है। पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृति प्राप्त होते ही टेंडर समेत इसकी सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। इसमें सम्पूर्ण पथ को वर्तमान चौड़ाई में उत्कृष्ट कालीकरण कर विकसित किया जाएगा।
मंत्री ने आगे बताया कि बख्तियारपुर-मोकामा, राष्ट्रीय उच्च पथ-31 का हिस्सा है। इस पथ के स्थान पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बख्तियारपुर-मोकामा के बीच नया ग्रीन फील्ड 4-लेन पथ का निर्माण किया जा रहा है, जो पटना से बख्तियारपुर होते हुए मोकामा के माध्यम से बेगूसराय होते हुए खगड़िया तक 4-लेन संपर्कता उपलब्ध करायेगा। बख्तियारपुर-मोकामा 4-लेन पथ हेतु भू-अर्जन का कार्य प्राय: पूर्ण कर लिया गया है। पथ के 44.6 किलोमीटर में से 20 किलोमीटर में मिट्टी कार्य पूर्ण हो चुका है। इस पथ परियोजना को जून-2021 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।