अब्दुल गफूर पहली बार 1995 में जनता दल से महिषी से बने थे विधायक, महागठबंधन की सरकार में थे अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री

पटना। राजद ने पार्टी के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक डॉ. अब्दुल गफूर के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, अब्दुलबारी सिद्दिकी, रमई राम, उदय नारायण चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, कोषाध्यक्ष कुमार राकेश रंजन, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, प्रवक्ता चितरंजन गगन, कार्यालय सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. गफूर साहब का जन्म एक किसान परिवार में सहरसा जिला के एक छोटा सा गांव बउहरवा में मो. जमाल एवं बीबी फातिमा के घर में 05 मई, 1959 को हुआ था। इनका प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय में तथा इस्लामिया उच्च विद्यालय सिमरी बख्तियारपुर से 1974 में मैट्रिक पास किये। उच्च शिक्षा सहरसा कॉलेज से 1979 में, एमए पटना यूनिवर्सिटी 1981 में, उर्दू से पीएचडी पटना यूनिवर्सिटी से तथा पार्वती साइंस कॉलेज सहरसा में उर्दू के प्राध्यापक बने। वे पहली बार 1995 में जनता दल से महिषी विधान सभा क्षेत्र से विधायक बने। दूसरी बार राजद के टिकट से 2000 से 2005 तक, तीसरी बार राजद के टिकट से 2010 से 2015 तक तथा चौथी बार राजद के टिकट से 2015 से अभी तक विधायक रहें। वे 20 नवम्बर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक महागठबंधन की सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री थे। वे 2003 से 2006 तक हज कमिटी के चेयरमैन रहे। वे नेक दिल इंसान थे। वे गरीब-गुरबों की लड़ाई जीवनपर्यन्त सड़क से लेकर सदन तक लड़ते रहे। वे 60 वर्ष के थे। वे मृदुभाषी थे। उनके असामयिक निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक जगत की अपूरनीय क्षति हुई है। दुख की इस घड़ी में मृत आत्मा की चिरशांति तथा परिजन एवं इष्टमित्र को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

युवा राजद ने शोक व्यक्त किया
युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मो. कारी सोहैब और युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी अरुण कुमार यादव ने राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मो. अब्दुल गफूर के निधन पर गहरी शोक संवेदना एवं दुख व्यक्त किया है। श्री पूर्व सांसद ने कहा कि गफूर साहब हर दिल अजीज और मिलनसार व्यक्ति थे। वो निष्पक्ष विचार के थे। उनके से निधन से राजद परिवार को अपूरणीय क्षति है। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मो. कारी सोहैब और युवा राजद के प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि उनके निधन से पूरा राजद परिवार मर्माहत है। उनके सामाजिक क्षेत्रों में किये गए कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता हैं।